लोकेशन टीकमगढ़
जिला ब्यूरो
महेंद्रकुमार दुबे बॉबी
जतारा में फाईलेरिया रोधी सामूहिक दवा सेवन अभियान वर्ष 2025 का हुआ शुभारम्भ
–
जतारा विधायक खटीक ने समस्त पात्र व्यक्तियों से उम्र के अनुसार दवा सेवन कराने की अपील की
–
शासकीय महाविधालय जतारा में सामूहिक दवा सेवन अभियान का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विधायक जतारा हरिशंकर खटीक द्वारा समारोह पूर्वक किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं दवा सेवन किया और कॉलेज के उपस्थित विद्यार्थियों को भी दवा सेवन कराया।
कार्यक्रम में जतारा विधायक खटीक ने कहा कि इस कार्यक्रम में सभी विभाग विशेष रूप से नगर प्रशासन, पंचायत, महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, और स्वास्थ्य विभाग, समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि ब्लॉक जतारा एवं पलेरा में समस्त पात्र व्यक्तियों को उम्र के अनुसार दवा सेवन कराना है। यह जरूरी है कि 85 प्रतिशत से अधिक लक्षित जनसंख्या को दवा सेवन कराया जाये जिससे कि जिले के उक्त दोनों ब्लॉक को भी सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम से बाहर निकाला जा सके। ऐसी स्थिति में निश्चित रूप से जिला टीकमगढ़ फाईलेरिया उन्मूलन के राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित लक्ष्य वर्ष 2030 के पहले ही महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर सकेगा। उन्होंने उपस्थित व्यक्तियों के साथ फाईलेरिया मुक्त जिला बनाने के लिए संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा दवा सेवन कर सभी से दवा सेवन की अपील की गयी। साथ ही ग्राम एवं नगर में अनावश्यक गंदे पानी के ठहराव न होने देने एवं जल प्रबंधन के प्रति जागरूक रहकर मच्छरों के पैदा होने से उत्पन्न होने वाली फाईलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को रोकने के लिए सार्थक प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाईजर, जनअभियान परिषद के कार्यकर्ताओं से अपने- अपने कार्यक्षेत्र में 10 से 25 फरवरी के बीच अपने नियत कार्याें के साथ इस अभियान में भी प्राथमिकता से कार्य करने की अपील की।
जनपद अध्यक्ष जतारा श्रीमती रेखा महेश यादव द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित व्यक्तियों और ब्लॉक जतारा, पलेरा के निवासियों से दवा सेवन का आग्रह किया, जिससे कि जतारा और पलेरा दोनों ब्लॉक में फाईलेरिया रोधी सामूहिक दवा सेवन अभियान को सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग इस कार्यक्रम में सम्मिलित जिम्मेदारी लेकर काम करें।
कार्यक्रम की रूप रेखा प्रस्तुत करते हुये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. रोशन द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम 10 से 25 फरवरी 2025 के बीच चलाया जायेगा। 10 से 13 फरवरी के बीच बूथ दिवस का आयोजन किया जायेगा, जिसमें स्कूल, आंगनवाडी, छात्रावास, कार्यालयों में दवा सेवन होगा। 15 से 21 फरवरी के बीच घर-घर भ्रमण कर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा दवा सेवन कराया जायेगा। इस अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता डी.ई.सी, एल्वेन्डामजॉल और आइवरमैक्टिन की एक खुराक का सेवन अपने ही समक्ष करावेंगे। आइवरमैक्टिन की दवा ऊंचाई के आधार पर दी जायेगी। इस हेतु कार्यकर्ताओं को डोज फ्लेक्स भी दिया गया है। जिले के जतारा और पलेरा ब्लॉक में लगभग 5.65 लाख लक्षित आबादी को 2262 कार्यकर्ता दवा सेवन करावेंगे।
कार्यक्रम में एस.डी.एम जतारा श्री शैलेन्द्र सिंह, सी.ई.ओ. जतारा और पलेरा श्री सिद्ध गोपाल वर्मा, तहसीलदार जतारा श्रीमती वंदना सिंह, तहसीलदार पलेरा डॉ. अवंतिका तिवारी, सी.एम.ओ जतारा श्री आर.एस. पटैरिया, सीडीपीओ जतारा श्रीमती प्रेमबति यादव, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद डॉ. सुनील कटियार, जिला मलेरिया अधिकारी एच.एम रावत, बी.एम.ओ जतारा डॉ. संजय अहिरवार, बी.एम.ओ पलेरा डॉ. अजय गुप्ता, डी.सी.एम श्री प्रबल त्रिपाठी, नवल सक्सेना एवं श्री राजकुमार जैन कोर्डिनेटर म.प्र. जन अभियान परिषद् एवं जिले के अधिकारी, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधि तथा आम नागरिकों ने भाग लिया।