होली एवं रमज़ान ईद को लेकर बैतूल पुलिस अलर्ट, पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च
पत्रकार राजेंद्र प्रसाद यादव
बैतूल जिले में आगामी होली एवं रमज़ान ईद के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री निश्चल एन. झारिया के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च बैतूल शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरा, जिसमें पुलिस बल ने पैदल चलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च में शामिल अधिकारी
इस फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्रीमती कमला जोशी, एसडीओपी बैतूल सुश्री शालिनी परस्ते, थाना प्रभारी कोतवाली श्री रविकांत डेहरिया, थाना प्रभारी गंज श्री अरविंद कुमरे, रक्षित निरीक्षक श्री दिनेश मर्सकोले, यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल शामिल रहे। पैदल गश्त के साथ-साथ पुलिस वाहनों का काफिला भी मौजूद रहा, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल एन. झारिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने जनता से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्थिति पर सतर्क दृष्टि बनाए हुए है।
पुलिस अधीक्षक की आम जनता से अपील
“बैतूल पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे होली और रमज़ान ईद को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।”