ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट
जिला बस्तर छत्तीसगढ़
सीआरपीएफ 226वीं वाहिनी द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 226वीं वाहिनी ने सुकमा जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र नरसापुरम में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में नरसापुरम, मिलमपल्ली, अचकट, कामाराम, पुलमपाड, चिमली गांवों की टीमों ने भाग लिया। कामाराम और मिलमपल्ली के बीच 15-15 ओवर का मैच हुआ, जिसमें कामाराम की टीम विजयी रही।
आगामी मैच नरसापुरम और अचकट के बीच आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट धन सिंह बिष्ट ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए खेल-कूद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नक्सलियों के बहकावे में न आएं, अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीआरपीएफ क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास के लिए सदैव तत्पर है। इस दौरान अरविन्द कुमार आजाद सहायक कमांडेंट, निरीक्षक बृजेश यादव, जितेंद सिंह एवं ई/जी समवाय 226 के अन्य कार्मिक मौजूद रहे । गौरतलब है कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, शिक्षा और विकास को बढ़ावा देना है। इस आयोजन से क्षेत्र में खेल-कूद के प्रति रुचि बढ़ी है और समुदाय में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।