ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन,
नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता हेतु उच्च व प्राथमिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के बीच क्रिकेट मैच आयोजित
हिमाचल प्रदेश में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लॉरेंस स्कूल, सनावर के क्रिकेट मैदान में उच्च एवं प्राथमिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के बीच एक क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में नशा मुक्त वातावरण को बढ़ावा देना और स्वस्थ मनोरंजन को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर लॉरेंस स्कूल, सनावर के हेडमास्टर श्री हिममत सिंह ढिल्लों ने स्कूल की शून्य सहिष्णुता नीति (Zero Tolerance Policy) पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विद्यालय में समय-समय पर सेमिनार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि छात्र नशे के दुष्प्रभावों से अवगत हो सकें।
उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक श्री गोपाल चौहान ने कहा कि नशे की लत विशेष रूप से युवाओं में एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। उन्होंने बताया कि यह क्रिकेट मैच दोनों विभागों की ओर से जागरूकता फैलाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के संदेश को सुदृढ़ करने की दिशा में एक छोटा मगर महत्वपूर्ण प्रयास है।
यह मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग की टीम का नेतृत्व श्री राजीव सूद ने किया, जबकि प्राथमिक शिक्षा विभाग की टीम की कप्तानी श्री भूपेश शर्मा ने संभाली। टॉस जीतकर भूपेश शर्मा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। शानदार प्रदर्शन करते हुए प्राथमिक शिक्षा विभाग की टीम ने जीत हासिल की। इस मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी श्री राजेश शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस अवसर पर उपनिदेशक श्री गोपाल चौहान ने लॉरेंस स्कूल, सनावर के हेडमास्टर श्री हिम्मत सिंह ढिल्लों, बरसर श्री महक सिंह और पीआरओ श्री आर.एस. चौहान को इस आयोजन में उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया।