नहाने गये किशोर की डूबने से मौत: ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, घुरौली खंड में गहरे गड्ढों को लेकर खनन संचालक पर गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग। डकोर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़ी जैसारी कला के पास बेतवा नदी में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने खनन माफियाओं पर गहरे गड्ढे खोदने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक राज पुत्र नरेंद्र राजपूत जिला हमीरपुर के ग्राम सैदापुर का निवासी था। वह अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी जैसारी कला गांव आया हुआ था। बुधवार को वह अपने चार साथियों, निरपत सिंह, हिमांशु, मोहित और प्रद्युम्न के साथ नहाने बेतवा नदी गया था। जैसे ही सभी किशोर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में उतरे, राज अचानक गहरे गड्ढे में फिसल गया और डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद घुरौली खंड संख्या 26/8 के पट्टा संचालक पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन के चलते नदी क्षेत्र में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि खनन माफियाओं ने वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से रास्ता बनाकर खनन कार्य शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश