राजगढ़ ब्यूरो चीफ संतोष गोस्वामी
अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 28 अप्रैल को सारंगपुर में प्रस्तावित प्रवास एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा जारी आदेशानुसार विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई हैं।
जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदारों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन-पानी, बैठक व्यवस्थाओं तथा अन्य सभी व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, अतिथियों के स्वागत तथा सुरक्षा प्रबंधों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें। कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा। समन्वय हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री महीप किशोर तेजस्वी एवं अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।