जनपद में सरकारी विभागों से संबंधित मुक़दमों और गैंगस्टर अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन उरई स्थित सभागार कक्ष में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से की। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, उपजिलाधिकारी उरई अतुल गौतम, उपजिलाधिकारी कोंच ज्योति सिंह, उपजिलाधिकारी जालौन विनय कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारीगण, अभियोजन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी में जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्षों ने बैठक में गूगल मीट के माध्यम से प्रतिभाग किया। बैठक में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अभियोजन कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की गई अब तक की कार्रवाई की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और समयबद्ध न्यायिक कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। डीएम और एसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा मामलों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी जोर दिया गया। बैठक में एडीएम(वित्त एवं राजस्व) संजय सिंह,सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सदर क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश