दोनों भाइयों का एक साथ होगा अंतिम संस्कार
कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ब्यौना रियासत में ह्रदय विदारक घटना सामने आयी है। जहां सड़क दुर्घटना में भाई की मौत की खबर लगने के बाद बड़े भाई की सदमें में मौत हो गई। एक साथ हुई दो भाइयों की मौत से गांव का माहौल गमगीन है। वहीं परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल है। मामला कोंच कोतवाली क्षेत्र ब्यौना रियासत का है। जहां बीती रात गांव के निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग रामचरण प्रजापति घर के पास खेतों की तरफ शौच को गए थे। बताया जा रहा है कि तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह होने पर जब उनके परिजन शौच के लिए खेतों की गए तो रामचरण का शव पड़ा देखा। बुजुर्ग की मौत की खबर पूरे गांव में फैल गई। वहीं मामले की जानकारी मृतक रामचरण के 85 वर्षीय बड़े भाई तुलाराम को लगी। तो वह भी उसे देखने खेतों की ओर चल दिये। लेकिन रास्ते मे परिजनों ने उन्हें रोक लिया और घर जाने को कहा। भाई के अंतिम दर्शन किये बगैर बुजुर्ग घर लौट आया और चारपाई पर लेट गया। वहीं भाई के सदमें में चारपाई पर लेटे-लेटे बड़े भाई ने भी दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि छोटे भाई की मौत का सदमा बड़ा भाई बर्दाश्त न कर सका और उसकी हृदयगति रुकने से मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में एक साथ हुई दो मौतों से गम का माहौल है।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश