दुद्धी सोनभद्र । कोतवाली क्षेत्र के निमियाडीह गांव से एक मारपीट का मामला सामने आया है, जहां दो भाइयों के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस घटना में अशफाक नामक युवक घायल हो गया, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
अशफाक की पत्नी शबीला खातून ने बताया कि रविवार की शाम 5 बजे उनके पति अपने जमीन से लिपटिस का पेड़ काट रहे थे, जिसको लेकर उनके भाइयों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद अशफाक अपने मझिले बेटे के साथ गेंद खेलने लगे, लेकिन गेंद खेल-खेल में बड़े भाई के घर के आंगन में चला गया, जिससे दोनों भाइयों में विवाद हो गया और सिर पर चोट लगने से अशफाक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशफाक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
अशफाक के ससुर मोहम्मद रमजान जोलहा ने बताया कि भाइयों का आपस में भूमि से जुड़ा विवाद है, जिसके चलते भाइयों में मनमुटाव रहता है। यह घटना उसी विवाद का परिणाम हो सकती है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है ।
अशफाक का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। पुलिस और प्रशासन ने मामले को शांत कराने की कोशिश की है, लेकिन अभी तक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह