नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
पर्यटकों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव से किया गया जागरूक
छुड़वा डैम क्षेत्र में चलाया गया जनजागरूकता अभियान।
हजारीबाग: जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक, छुड़वा डैम काली मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा मंगलवार को मादक पदार्थों के उपयोग के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पर्यटकों को नशा मुक्त जीवन शैली अपनाने और मादक द्रव्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता पंपलेट वितरित किए गया। इस पंपलेट में मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई है। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपने जीवन में नशे को स्थान न दें और दूसरों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम में विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो”, ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में आम नागरिकों, पर्यटकों और युवाओं ने सहभागिता दी और नशा मुक्त समाज की दिशा में अपने समर्थन की घोषणा की। यह अभियान जिला प्रशासन हजारीबाग एवं नशा मुक्ति केंद्र के सहयोग से संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना और जागरूकता फैलाना है।