अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्वामी विवेकानंद विद्यालय में हुआ योगाभ्यास, प्रबंधक रामभरोस चौधरी ने बताया योग का महत्व
निचलौल, महाराजगंज (21 जून 2025):
स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निचलौल में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रबंधक श्री रामभरोस चौधरी ने किया। उन्होंने योगाभ्यास सत्र के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायामों का अभ्यास करवाया। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित सभी को योग के लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
श्री चौधरी ने कहा, “योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि यह मन को भी शांत करता है और व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें और एक स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाएं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यालय परिवार ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
रवि प्रताप सिंह ( ब्यूरो चीफ महाराजगंज )