नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
छात्रों ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय में जीवंत रखा कला एवं संस्कृति का जज़्बा
हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग में दिनांक 5 जुलाई 2025 को एक बार फिर कला और संस्कृति का भव्य उत्सव देखने को मिला। वीबीयूनेशन के अंतर्गत संचालित कलाकृति और तमाशा सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलाकृति सोसाइटी द्वारा आयोजित डुओ डांस कॉम्पिटिशन से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने जोड़ी बनाकर अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सौम्या और दीक्षा की जोड़ी ने बेहतरीन प्रस्तुति देकर सर्वश्रेष्ठ डुओ टीम का खिताब अपने नाम किया।
इसके बाद तमाशा सोसाइटी द्वारा ‘कहानी एक किसान की’ नाटक का मंचन किया गया। गुलशन कुमार द्वारा लिखित इस नाटक में भारतीय किसानों की पीड़ा और संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक में अपने दमदार अभिनय के लिए गुलशन कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला।
कार्यक्रम में छात्रों ने गीत, कविता और शायरी की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिससे माहौल में एक संगीतमय और भावनात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में डॉ. एस. ज़ेड. हक़, अध्यक्ष, कला एवं संस्कृति विभाग तथा उर्दू विभागाध्यक्ष, उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इन सोसाइटियों ने अपने साधनों और सीमाओं के बावजूद जो उपलब्धि हासिल की है, वह सराहनीय है।
इस सफल आयोजन को साकार करने में अविनय राज, निरजला सिंह, हिमांशु, शौर्यश्री, इरफान, ऋषव, शगुफ्ता, काजल, स्पर्धा, दीपिका, गुलशन कुमार, रोहित सिंह, नवीन और अमन जैसे समर्पित छात्र सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का समापन तालियों की गूंज, मुस्कानों और कला-संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।