नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
हजारीबाग
स्नातक 2025-29 के प्रथम समसत्र की कक्षाएं 5 अगस्त से प्रारंभ होंगी: डॉ इंद्रजीत कुमार
संबंधन की प्रत्याशा में आवेदक महाविद्यालय भी ले सकेंगे स्नातक 2025-29 में नामांकन
नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विनोबा भावे विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के सत्र 2025-29 के प्रथम समसत्र की कक्षाएं सभी महाविद्यालयों में 5 अगस्त 2025 से प्रारंभ होंगी। यह जानकारी चांसलर पोर्टल तथा नामांकन कोषांग के नोडल पदाधिकारी डॉ इंद्रजीत कुमार ने बृहस्पतिवार को दी। उक्त तिथि को कक्षाएं प्रारंभ करना सभी महाविद्यालयों का दायित्व होगा। सभी नामांकित विद्यार्थियों को पहले दिन कक्षा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
उन्होंने आगे बताया कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत वैसे अस्थाई संबद्धता प्राप्त/ प्रस्तावित महाविद्यालय जिनके संबंधन विस्तार / नवसंबंधन का प्रस्ताव विश्वविद्यालय से झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में प्रेषित किया जा चुका है वैसे महाविद्यालयों में चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम सत्र 2025-29 के प्रथम समसत्र में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल से नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं । इस संबंध में झारखंड सरकार के संबंधित विभाग से लिखित में आदेश विश्वविद्यालय को प्राप्त हुए हैं।
डॉ इंद्रजीत कुमार ने बताया कि नामांकन हेतु 22 जुलाई तक चांसलर पोर्टल से आवेदन किए जा सकेंगे। ऐसे महाविद्यालयों के लिए मेधा सूची का प्रकाशन 25 जुलाई को किया जाएगा। 25 जुलाई से 2 अगस्त तक चयनित विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालय में दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन का कार्य करवाना पड़ेगा। दस्तावेजों के सफल सत्यापन के उपरांत वैसे आवेदक 25 जुलाई से 3 अगस्त तक चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन ले सकेंगे।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों स्नातक कार्यक्रम 2025-29 के प्रथम समसत्र में नामांकन के लिए जो आवेदन चांसलर पोर्टल द्वारा स्वीकृत किए जा रहे थे उसमें ऐसे महाविद्यालय के नाम सम्मिलित नहीं किए जा सके थे। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार से कोई स्पष्ट निर्देश विश्वविद्यालय को प्राप्त नहीं हुए थे।
डॉ इंद्रजीत कुमार ने बताया कि यह समय विस्तार अंगीभूत तथा स्थाई संबंधन प्राप्त महाविद्यालयों के उन विषयों पर भी लागू होंगे जहां पर अभी भी स्थान रिक्त रह गए हैं। यह पूरी जानकारी चांसलर पोर्टल के वेबसाइट https://jharkhanduniversities.nic.in में उपलब्ध कराई गई है।