नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
हजारीबाग।
उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिड-डे-मील, स्टीयरिंग मॉनिटरिंग समिति, आधार नामांकन, बाल वाटिका, विद्यालयों में चावल उठाव की स्थिति, एमडीए-आईडीए के तहत दवा वितरण सहित अन्य विषयों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मिड-डे-मील उपलब्ध कराया जाए तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मिडे मिल का संचालन सभी विद्यालयों में नियमानुसार करने का सख्त निर्देश दिया।
बैठक में बच्चों के आधार नामांकन पर विशेष बल देते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी विद्यालयों के बच्चों का आधार नामांकन शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। इसके लिए आधार बनाने वाली एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता को बढ़ाने पर बल दिया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में उपस्थिति में सुधार लाने के लिए हर महीने 5 प्रतिशत वृद्धि सुनिश्चित की जाए ताकि आगामी कुछ महीनों में उपस्थिति शत प्रतिशत हो सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रखंड स्तर पर प्रत्येक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों से स्कूल स्तर पर संचालित कार्यों की समीक्षा नियमित रूप से करें, ताकि प्रगति में तेजी लाई जा सके।
उपायुक्त ने सभी स्कूलों में हुए स्वास्थ्य जांच, एमडीए-आईडीए के तहत बच्चों को दवा वितरण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जो विद्यालय अब तक छूटे हुए हैं, वहां भी यह कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की समीक्षा
बैठक में उपायुक्त ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, पुस्तकालय, लैब एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से 9वीं से 12वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है ताकि छात्रों के बेहतर परिणाम मिल सके।
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए जिले के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराएं।
बैठक में उपायुक्त के अलावे जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित कई संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।