60 शिकायतें दर्ज, 40 का मौके पर निस्तारण
उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बिजली विभाग द्वारा ग्राम मदारीपुर में एक दिवसीय महाकैंप का आयोजन किया गया। यह महाकैंप उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लखनऊ के अधीक्षण अभियंता मनीष द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें उपभोक्ताओं की तमाम शिकायतों का निस्तारण किया गया। कैंप में घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में गड़बड़ी, अधिक बिलिंग, मीटर खराबी, रीडिंग में त्रुटि, ट्रांसफार्मर की क्षमता, लो-वोल्टेज, बिजली पोल की जरूरत और नए कनेक्शन जैसी समस्याएं दर्ज कराईं। कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 40 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष 20 को प्रक्रिया में रखकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। कैंप के दौरान बिजली विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं से करीब दो लाख रुपये की वसूली भी की। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि इससे आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनी रहती है और उपभोक्ता को किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ता। अधीक्षण अभियंता नंदलाल और अधिशासी अभियंता महेंद्र नाथ भारती ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि बिजली विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और सभी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। इस महाकैंप में एसडीओ रामसुधार, सहायक अभियंता आजाद धीरेंद्र, अवर अभियंता रमाकांत वर्मा, टीजीटू नरेंद्र सोलंकी, कालीचरण, जेएमटीआरसी मनचंदा, लीलाधर, कृष्ण कुमार वर्मा, धीरज गुप्ता, सोनू कुशवाहा, कोमल आदि मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया।19 जुलाई को टाउन बिजलीघर जालौन में लगेगा अगला महाकैंप एसडीओ रामसुधार ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 19 जुलाई को टाउन बिजलीघर, जालौन में अगला महाकैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें भी उपभोक्ता अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं, जिनका मौके पर समाधान किया जाएगा।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश