घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
उरई, नया पटेल नगर मोहल्ले में बुधवार रात शरारती तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बाइक सवार युवकों ने घरों के बाहर खड़ी करीब 12 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। इस घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया।गुरुवार सुबह जब लोग उठे और अपनी गाड़ियों की हालत देखी तो दंग रह गए। गाड़ियों के शीशे टूटे हुए थे और बॉडी पर गहरे निशान थे। सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। स्थानीय मुहल्ले के निवासी जीशान, सलीम और जावेद सहित कई लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी गाड़ियां रात में घर के सामने खड़ी थीं। देर रात बाइक पर सवार दो युवक हाथ में पत्थर लिए आए और एक के बाद एक कई गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। घटना की तस्वीरें पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं हैं। फुटेज में दोनों आरोपी गाड़ियों पर पत्थर मारते हुए साफ नजर आ रहे हैं। सीओ सिटी अर्चना सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हों। वहीं पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश