कानून व्यवस्था से संबंधित दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जनपद जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने गुरुवार को थाना कोटरा का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, CCTNS कार्यालय, IGRS प्रणाली सहित विभिन्न अभिलेखों की गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने की साफ-सफाई व्यवस्था, अभिलेखों की अद्यतन प्रविष्टि, लंबित प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति, विवेचकों की प्रगति रिपोर्ट, अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना, शस्त्रागार, बंदी गृह तथा कार्यालय के रखरखाव की स्थिति का भी जायजा लिया।उन्होंने महिला हेल्प डेस्क में दर्ज मामलों के समाधान की प्रक्रिया, महिला फरियादियों के प्रति व्यवहार और सुनवाई के तरीके को भी जांचा तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान डॉ. दुर्गेश कुमार ने थाना प्रभारी और स्टाफ को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का जल्द निस्तारण करें, साथ ही जनता से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के अंत में एसपी ने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए सतर्कता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा अत्यंत आवश्यक है।इस दौरान थाना प्रभारी विमलेश कुमार सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश