सहारनपुर । श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने आज इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के मुख्य प्रवेश मार्गों, प्रमुख चौराहों, डायवर्जन बिंदुओं एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की। उन्होंने कंट्रोल रूम में नियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को यात्रा के दौरान चौकसी बनाए रखने तथा हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लाखों श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में शामिल हो रहे हैं, ऐसे में सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सभी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों की निरंतर निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद की पुलिस पूरी तत्परता से ड्यूटी निभा रही है और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़