सहारनपुर। श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा इस वर्ष भी जनपद सहारनपुर में पूर्ण श्रद्धा, उत्साह और शांति के साथ सम्पन्न हुई। जिला पुलिस और सिविल डिफेंस की सतर्कता, ईमानदारी और निष्ठा पूर्ण सेवाभाव के चलते पूरे जनपद में यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस प्रशासन की टीम के साथ-साथ सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने भी अत्यंत जिम्मेदारी और सेवा भाव के साथ अपनी भूमिका निभाई। चाहे भीड़ प्रबंधन हो, यातायात नियंत्रण या श्रद्धालुओं को सहायता पहुंचाने का कार्य सिविल डिफेंस की टीम हर मोर्चे पर मुस्तैद रही।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारीगण, थानाध्यक्षों समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल कांवड़ रूट पर लगातार फील्ड में सक्रिय रहा। साथ ही, सिविल डिफेंस के जवानों ने जगह-जगह मार्गदर्शन, प्राथमिक उपचार, जल वितरण और सेवा केंद्रों के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं की सहायता की।
प्रमुख शिवालयों, चौराहों, सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम मॉनिटरिंग और यातायात व्यवस्थाओं के जरिए सुरक्षा को पुख्ता रखा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने पुलिस एवं सिविल डिफेंस के सभी जवानों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच समन्वय ही इस शांतिपूर्ण आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।
श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराए जाने पर इंडियन टीवी न्यूज़ टीम व चैनल की ओर से सहारनपुर पुलिस प्रशासन का आभार और धन्यवाद
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़