ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन,
कसौली का पीएम श्री चामियां स्कूल बना सोलन का सर्वश्रेष्ठ पीएम-श्री स्कूल।
कसौली विधानसभा के तहत आने वाली ग्राम पंचायत चामियां मे स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चामियां को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम-श्री (प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया) के अंतर्गत सोलन जिले का सर्वश्रेष्ठ स्कूल घोषित किया गया है।
इसकी घोषणा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा संगम के दौरान की गई। इस अवसर पर देश भर के कई स्कूल इस कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे, जिनमें कसौली का पीएम श्री चामियां विद्यालय भी शामिल था। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार शर्मा व विद्यालय के अध्यापक और विद्यार्थी, एसएमसी सदस्य उपस्थित रहे।
पीएम-श्री योजना के अंतर्गत चयनित स्कूलों को आधुनिक कंप्यूटर लैब्स, भौतिकी, रसायन और जीवविज्ञान की प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल सुविधाएं, तथा कौशल विकास शिक्षा जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। कसौली स्थित चामियां विद्यालय में ये सभी सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं, जिसके चलते इसे सोलन जिले का सर्वश्रेष्ठ पीएम-श्री स्कूल चुना गया।
इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार शर्मा ने स्कूल की इस उपलब्धि के लिए स्कूल के अध्यापक व बच्चों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वह आशा करते है कि सोलन के सभी स्कूल इससे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे और इसी तरह की उपलब्धियां हासिल करेंगे।
गौरतलब है कि भारत सरकार ने 7 सितंबर 2022 को पीएम-श्री योजना की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य देशभर में 14,500 से अधिक स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना है। यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता और समावेशी शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।