दुद्धी सोनभद्र। नगर में अखिल भारतीय मद्धेशिया कान्दू वैश्य सभा के तत्वावधान में शनिवार को संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ गोविन्द जी महाराज की 31वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। नगर स्थित नव-निर्मित मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित हुए और गुरु महाराज के चरणों में नमन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड के डाल्टेनगंज से पधारे आचार्य के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के साथ हुआ। पूरे परिसर में घंटा-घड़ियाल और जयघोष की गूंज ने माहौल को धार्मिक रंग से सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन होकर बाबाजी के विचारों और जीवन दर्शन को याद करते रहे।इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय मंत्री मंडल प्रभारी बीएन गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा गणिनाथ के आदर्शों को समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज शिक्षा, संस्कार और व्यवसाय में नई ऊँचाइयाँ छू सकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज का वास्तविक उत्थान तभी संभव है जब हम सब एकजुट होकर शिक्षा, सेवा और संस्कार की राह पर चलें।उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी नई पीढ़ी को सही दिशा और मजबूत नींव देती है। हर माता-पिता का दायित्व है कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार दें।साथ ही उन्होंने समाज के युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।कमल कुमार कानू ने शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज समाज के उत्थान के लिए शिक्षा ही सबसे सशक्त साधन है। हम सभी को यह निश्चय करना होगा कि चाहे एक रोटी कम खाएँ, लेकिन अपने बच्चों को पढ़ाएँ और उन्हें अच्छे संस्कार दें। शिक्षा ही आने वाली पीढ़ी को स्वावलंबी बना सकती है।जयंती समारोह में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाजजनों ने भाग लिया।कार्यक्रम का संचालन अविनाश गुप्ता ने संपूर्ण गरिमा के साथ किया।इस तरह यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि समाज की एकजुटता, शिक्षा और सेवा भाव की दिशा में प्रेरणा देने वाला संदेश भी दे गया।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह