यातायात एवं परिवहन विभाग की संयुक्त जांच
सड़क सुरक्षा अभियान में 18 हज़ार रुपए से अधिक की चालानी कार्यवाही
राजेंद्र धाकड़ जिलाब्यूरो चीफ
नर्मदापुरम
जिले में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर बसों और वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने पर 18 हज़ार रुपए से अधिक की चालानी कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान 8 बसों पर नियम पालन न करने पर 7 हजार रुपए, माखननगर क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के 10 चालानों से 3200 रुपए, नर्मदापुरम के भोपाल तिराहे पर 11 वाहनों पर चालान कर 3300 रुपए, कलेक्ट्रेट परिसर में 8 वाहनों पर 2400 रुपए, पिपरिया में 3 चालानों से 900 रुपए, इटारसी में 12 चालानों से 3600 रुपए तथा सिवनी मालवा में 15 चालानों से 5300 रुपए की कार्यवाही की गई।
जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक जानहानि दोपहिया वाहन चालकों की होती है और हेलमेट ही वह सुरक्षा कवच है जो सिर को गंभीर चोटों से बचाता है तथा जीवन रक्षा में सबसे अहम भूमिका निभाता है। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग केवल नियम नहीं बल्कि जीवन रक्षा का अनिवार्य साधन है। इसीलिए सभी निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का अनुसरण करें और जिम्मेदार नागरिक बनकर अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।