नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
हजारीबाग में बनेंगे 57 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र, डीसी ने दिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश
हजारीबाग। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 57 नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने मंगलवार को एक वेबिनार के जरिए सभी अंचलाधिकारियों और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बिना किसी विवाद वाली सरकारी जमीन जल्द से जल्द चिन्हित कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इन केंद्रों के निर्माण की मंजूरी दी है। उन्होंने अंचलाधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी से समन्वय बनाकर यह काम पूरा करें।
इसके अलावा, डीसी ने पीएम-अभीम और 15वें वित्त आयोग के तहत पहले से बने स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित जांच रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश दिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे सही ढंग से काम कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे चालू रहने चाहिए, जहां डॉक्टर, दवाएं और एंबुलेंस हमेशा उपलब्ध हों। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रात में डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर
उपायुक्त ने आयुष्मान कार्ड बनाने के काम में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित कई मरीजों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं होते, जबकि सरकार ने ऐसे लोगों के लिए आयुष्मान योजना शुरू की है। उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों का आधार सीडिंग और ई-केवाईसी कराने का भी निर्देश दिया। डीसी ने सिविल सर्जन और एमओआईसी को इस काम को टारगेट मोड में करने और जिला योजना पदाधिकारी को इसकी निगरानी कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने का आदेश दिया।