परसपुर रामलीला मैदान में हुआ लंका दहन का मंचन
हनुमानजी ने जलाई सोने की लंका, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा मैदान
परसपुर गोण्डा।। नगर पंचायत परसपुर स्थित रामलीला मैदान में सोमवार की शाम लंका दहन की लीला का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, रावण और अक्षयकुमार की आकर्षक झांकियां गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान पहुंचीं।
लीला के मंचन में दिखाया गया कि समुद्र पार कर लंका पहुंचे हनुमानजी माता सीता की आज्ञा से अशोक वाटिका में फल खाने के लिए पेड़ों पर चढ़ गए। अक्षयकुमार के रोकने पर हनुमानजी ने उसका वध कर दिया। इसके बाद मेघनाद ने हनुमानजी को ब्रह्मपाश में बांधकर रावण के दरबार में पेश किया। हनुमानजी ने रावण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन रावण ने उनकी पूंछ में आग लगवा दी। इसके बाद हनुमानजी ने लंका में आग लगाकर उसे जला दिया। समुद्र में पूंछ की आग बुझाने के बाद हनुमानजी पुनः अशोक वाटिका पहुंचे और माता सीता से विदा लेकर वापस लौट गए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष वासुदेव सिंह, लीला संचालक रामसुंदर पाण्डेय, राजू गुप्ता, सभासद कृष्णकुमार सैनी, पारस गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
