✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
कटनी – भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार कलेक्टर दिलीप कुमार यादव एवं जिला पंचायत के सीईओ एवं नोडल अधिकारी शिशिर गेमावत के कुशल मार्गदर्शन में आदि कर्मयोगी अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय 3 दिवसीय कार्यशाला डिस्ट्रिक्ट प्रोसेस लेब का आयोजन किया जा रहा है।
इस मौके पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को अभियान के उद्देश्य, सेवा, समर्पण और संकल्प के माध्यम से अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस महत्वाकांक्षी प्रोग्राम का 7 विभागों सहित एनजीओ के सहयोग से संचालन किया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान संबंधित विभागों के जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने विकासखंड व ग्राम स्तर तक अभियान के संचालन और निर्धारित कार्ययोजना के बारे में अवगत कराया। इन मास्टर ट्रेनर्स द्वारा गत दिवस भोपाल में चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान मिली उपयोगी जानकारी भी साझा की गई।
जिला स्तरीय कार्यशाला डिस्ट्रिक्ट प्रोसेस लेब में बताया गया कि अब विभाग के विकासखंड स्तरीय आदि कर्मयोगी अधिकारियों के दल को प्रशिक्षण देकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने तथा वास्तविक जरूरतमंद हितग्राही की पहचान सहित उत्तरदायी, पारदर्शी और जवाबदेह शासन को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के बारे में अवगत कराया जायेगा। आदि कर्मयोगी अभियान अन्तर्गत विकासखण्ड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं तथा पंचायत स्तर पर शासन की मंशानुसार जनजातीय वर्ग के व्यक्तियों के उत्थान के लिए समाज के जागरूक लोगों का चयन किया जाएगा। इसके माध्यम से आदिवासी समुदाय को सशक्त बनाने के साथ ही मुख्य धारा में शामिल करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले के चयनित 199 ग्रामों में आदि साथी एवं आदि सहयोगियों का समर्पित वर्ग भी तैयार कर इन ग्रामों में विभिन्न योजनाओं के सेचुरेशन से वंचित शेष लोगों तक आसानी से योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
कार्यशाला के दौरान बताया गया कि आदि कर्मयोगी अभियान में शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा आदि सहयोगियों एवं अन्य समर्पित वर्ग के सदस्यों द्वारा भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की कार्यशाला के उपरांत ग्राम पंचायत स्तर की कार्यशाला के बेहतर प्रशिक्षण तथा अन्य गतिविधियों का आयोजन का आयोजन किया जाएगा तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत चयनित 199 ग्रामों में आदि सेवा केन्द्रों का संचालन भी होगा।
आदि कर्मयोगियों को सेवा और समर्पण भाव से कार्य कर तत्परतापूर्वक समस्याओं के निराकरण के साथ ही गरीब व्यक्यिों के प्रति संवेदनशील बनकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की बात भी कही गई।
आदि कर्मयोगी के घटक
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत सभी जनजातीय गांवों में आदि सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अधिकारी और समुदाय के सदस्य आदि सेवा मे समय देंगे। इस दौरान स्थानीय समस्याओं का समाधान और युवाओं का मार्गदर्शन किया जाएगा तथा वे शासन में सहयोग भी करेंगे। शिक्षक, डॉक्टर और अन्य पेशेवर लोग स्थानीय समुदाय का मार्गदर्शन आदि सहयोगी के रूप में करेंगे तथा विकास कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। वही स्वयं सहायता समूह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सदस्य आदि साथी के रूप में जनजातीय बुजुर्ग लोग, युवा और स्थानीय नेता जागरूकता का प्रसार करेंगे। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करेंगे। जनजातीय युवाओं, महिलाओं और नेताओं के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि वे शासन, समस्या, समाधान और सामाजिक लामबंदी में अच्छी तरह से भागीदारी कर सकें।
यह अभियान ’’जनजातीय गौरव वर्ष’’ का हिस्सा है। इस रूप में यह अभियान विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक होगा, जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाएगा, उत्तरदायी शासन सुनिश्चित करेगा और स्थानीय नेतृत्व को बढ़ावा देगा। यह अभियान धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन, और सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय मिशन जैसी प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन में मदद करेगा।कार्यशाला में विमल चौरसिया, जिला संयोजक अनु.जा.एवं जनजातीय कार्य कटनी जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर शत्रुघन त्रिपाठी प्राचार्य कन्या शिक्षा परिसर कटनी, आलोक पाठक, प्राचार्य शा.उ.मा.वि.पहाडी निवार जिला कटनी, अनीता उसराठे मीडिया प्रभारी कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला कटनी, इन्द्र कुमार साहू परियोजना अधिकारी कार्यालय महिला एवं बाल विकास जिला कटनी, अविनाश परौहा जिला सलाहकार एम एंड ई पीएचई कटनी, सुश्री विजय लक्ष्मी मरावी सहायक परियोजना अधिकारी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास जिला कटनी, सुरेश बरोले उप वनमंडल अधिकारी पूर्व कटनी तथा संबंधित विभागों के ब्लाक स्तरीय मास्टर ट्रेनर मौजूद थे।