✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
नरवाई जलाने से बचें, सब्सिडी पर लें हैप्पी सीडर और सुपर सीडर
कटनी – किसानों द्वारा खेतों में फसल कटाई के बाद बची हुई नरवाई (फसल के अवशेष) को जलाये जाने से रोकने हेतु राज्य शासन द्वारा हैप्पी सीडर और सुपर सीडर जैसे कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन यंत्रों को अनुदान पर किसानों को उपलब्ध कराने के लिए कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किए गये हैं।
नरवाई जलाने से नुकसान
नरवाई जलाने से मिट्टी की उपजाऊ शक्ति कम हो जाती है, लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं और मिट्टी की जल धारण क्षमता भी घट जाती है। इसके अलावा, आग से आसपास की फसलें, पशु-पक्षी और जन-धन की हानि का खतरा भी बढ़ जाता है।
कृषि यंत्रों पर अनुदान
हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर जैसे यंत्रों की मदद से खेत में सीधे बुवाई की जा सकती है। साथ ही नरवाई का इस्तेमाल पशुओं के चारा, जैविक खाद, ईंधन आदि के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। हैप्पी सीडर यंत्र की कीमत लगभग 1 लाख 80 हजार रूपये से लेकर 2 लाख रुपये तक होती है। इस पर 50 प्रतिशत या अधिकतम 86 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। वहीं सुपर सीडर यंत्र की कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रूपये से लेकर से लेकर 3 लाख रुपये तक होती है। इस पर भी 50 प्रतिशत या अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा।
आवेदन प्रक्रिया एवं दस्तावेज
इच्छुक किसान आधार कार्ड, भूमि की खतौनी (बी-1), ट्रैक्टर की आर.सी., पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, जाति प्रमाण पत्र (एससी/एसटी वर्ग के लिए) एवं बैंक पासबुक ले जाकर www.mpdage.org पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय डिमांड ड्राफ्ट के रूप में सहायक कृषि यंत्री के नाम से 4500 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) जमा करना अनिवार्य है।
कृषि विभाग ने बताया कि यह अनुदान किसानों को आधुनिक खेती अपनाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। किसान इन यंत्रों को एम.पी. ऑनलाइन या पंजीकृत अधिकृत डीलरों के माध्यम से खरीद सकते हैं।