चपकी गांव में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, फैली सनसनी
दुद्धी सोनभद्र । बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के ही 35 वर्षीय चंद्र प्रताप का शव घर से लगभग 200 मीटर दूर साखू के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की रात सभी परिवार के सदस्यों ने साथ में भोजन किया और सोने चले गए। देर रात करीब ढाई बजे जब पत्नी की आंख खुली तो उन्होंने पाया कि चंद्र प्रताप बिस्तर पर नहीं हैं। परिवार ने रातभर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह गांव के ही कुछ लोगों ने घर से थोड़ी ही दूरी पर पेड़ से लटकता शव देखा और परिजनों को सूचना दी।
मृतक अपने पीछे 12 वर्ष की एक बेटी और 9 वर्ष का एक बेटा छोड़ गया है। इस घटना से परिवार पूरी तरह से टूट चुका है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या या अन्य कारण की संभावना पर छानबीन में जुटी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह