दुद्धी सोनभद्र। पानी, सड़क और बिजली की लचर व्यवस्था को लेकर नगरवासी आक्रोशित हैं। लगातार आ रही समस्याओं से परेशान लोग अब सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा है कि ‘ अगली बार वोट मांगने किस मुंह से आएंगे’, जिससे जनता की नाराजगी स्पष्ट तौर पर सामने आ रही है।
नगर के भोला नाथ अग्रहरि गुरुजी, जीतू एवं मुकेश अग्रहरि समेत कई अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर टिप्पणियां कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इन लोगों ने कहा कि नगर की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है और आमजन की परेशानियों पर कोई ठोस पहल नहीं हो रही है।
वहीं, मामले पर नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पानी आपूर्ति बाधित होने के कारण बताते हुए एक फोटो साझा किया है। फोटो में साफ दिखाई देता है कि मजदूर रात के समय पाइपलाइन की मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। बताया गया कि यह कार्य जाबर क्षेत्र के पास चल रहा है, जहां क्षतिग्रस्त पाइप को दुरुस्त किया जा रहा है।
नगरपंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पेयजल समस्या अस्थायी है और जल्द ही मरम्मत कार्य पूरा होते ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की।
इधर, नगरवासी सड़क और बिजली की समस्या को लेकर भी खासे नाराज हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन मुद्दों पर सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन का सहारा लेने के लिए बाध्य होंगे।
नगर में इन मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं और तकरार का दौर जारी है, जिससे साफ है कि प्रशासन को अब गंभीरता से जनता की समस्याओं का समाधान करना होगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह