जयबीर सिंह ब्यूरो रिपोर्ट (बहरोड़)
बहरोड़। उपखंड बहरोड़ के बर्डोद कस्बे में स्थित प्रभा विद्यालय पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ आखिरकार नामजद एफआईआर दर्ज हो गई है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना बहरोड़ सदर में की गई। गौरतलब है कि 12 जुलाई 2025 को विद्यालय में बड़ी घटना हुई थी। उस दिन कुछ लोगों ने विद्यालय परिसर में घुसकर संपत्ति की तोड़फोड़ की, स्कूल रिकॉर्ड फाड़े और महिला व पुरुष स्टाफ के साथ मारपीट, अश्लीलता की,यहां तक कि बच्चों के साथ भी अभद्र व्यवहार और हाथापाई की गई। यही नहीं, बाद में मौके पर पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी धक्का-मुक्की की गई। मामले में कई नामजद आरोपी शामिल बताए गए हैं। इनमें करण सिंह मीणा पुत्र हनुमान मीणा निवासी बर्डोद, अमीलाल सैनी पूर्व प्रधान निवासी बर्डोद , लोकेश मीणा पुत्र जगदीश मीणा (पूर्व पीटीआई), मन्नु उर्फ मनोज पुत्र किशनलाल सैनी निवासी बर्डोद, कृष्ण सैनी निवासी बर्डोद और हवा सिंह मीणा पुत्र भागीरथ मीणा निवासी बर्डोद के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, इन आरोपियों का विद्यालय स्टाफ से पुराना विवाद रहा है। इससे पहले भी 17 नवंबर 2022 को राजकुमार मीणा पुत्र जगदीश मीणा पूर्व पीटीआई सहित अन्य लोगों ने हथियारों के साथ विद्यालय में घुसकर शिक्षकों व स्टाफ के साथ मारपीट की थी। इतना ही नहीं, आरोपियों में से करण सिंह मीणा का एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने धमकी दी थी कि “स्कूल नहीं चलने दूंगा” और भविष्य में अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। यह ऑडियो साक्ष्य भी अदालत में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने 22 अगस्त 2025 को नामजद एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए थे, लेकिन आरोप है कि थाना सदर बहरोड़ में तैनात एसआई सुबेसिंह की बदमाशों से मिलीभगत के चलते पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। बाद में अदालत में अवमानना याचिका दाखिल होने पर न्यायालय ने 8 सितंबर 2025 तक रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए। इसके बाद मजबूरी में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। अब पीड़ित पक्ष को उम्मीद है कि न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच करेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जयबीर सिंह ब्यूरो रिपोर्ट इंडियन टीवी न्यूज़ (खैरथल तिजारा )👍