सिरसपुर इलाके में चल रहे उर्वरक के अवैध गोदाम का खुलासा किया है। गोदाम मालिक बिना लाइसेंस के उर्वरक बेच रहा था। गोदाम से पुलिस ने करीब 13.17 टन उर्वरक बरामद किए हैं। पुलिस ने जनकपुरी निवासी गोदाम मालिक मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 12 सितंबर को मिली सूचना के आधार पर निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने खबर की पुष्टि की। सूचना सही साबित होने पर पुलिस ने दिल्ली सरकार के कृषि विभाग के क्षेत्रीय उर्वरक निरीक्षक सत्यवीर शर्मा को इस बात की जानकारी दी।
कृषि विभाग की टीम के साथ पुलिस ने गोदाम पर छापा मारा। गोदाम से 13.17 टन उर्वरक बरामद किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यहां से प्रधानमंत्री भारतीय जन उर्वरक परियोजना भारत एनपीके अमोनियम सल्फेट उर्वरक के 153 प्लास्टिक बैग, प्रधानमंत्री भारतीय जन उर्वरक परियोजना भारत एमओपी म्यूरेट ऑफ पोटाश उर्वरक के 115 प्लास्टिक बैग बरामद किए। पूछताछ में आरोपी मनीष कुमार ने बताया कि वह काफी दिन से यह कारोबार कर रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।
India TV Rajesh Maurya