कुशीनगर: मेडिकल काॅलेज में सीआर्म मशीन खराब, हड्डी के रोगियों की बढ़ी परेशानी. मेडिकल कालेज में हड्डी रोग के गंभीर रोगियों के लिए समस्या बढ़ गई है। यहां छह माह से सीआर्म मशीन खराब होने से हड्डी से जुड़े गंभीर ऑपरेशन वाले रोगियों का इलाज नहीं हो पा रहा है।
ऐसे मरीजों को गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर किया जा रहा है। प्रतिदिन ऐसे पांच से छह मरीज रेफर हो रहे हैं।
मरीजों के साथ आए तीमारदारों ने कहा कि यहां केवल नाम का मेडिकल कालेज संचालित किया जा रहा है। लोगों को मेडिकल कालेज रेफर करना ठीक नहीं है। यहां लगी मशीन को ठीक कराया जाए।जिससे यहां आने वाले मरीजों को मेडिकल कालेज में ही सेवा मिल सके।
बीते छह माह से सीआर्म मशीन खराब होने से समस्या बढ़ती जा रही है। मेडिकल कालेज में प्रतिदिन हड्डी रोग से जुड़े 300 से अधिक की ओपीडी होती है। लेकिन हड्डी रोग से जूडे गंभीर रोगियों को आपरेशन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे प्रतिदिन पांच से छह रोगी रेफर किए जा रहे है।
हड्डी रोग विशेषज्ञों ने बताया कि हड्डी के आपरेशन के लिए सीआर्म मशीन बहुत ही उपयोगी है। इसके अभाव में हड्डी से जूडे बड़े आपरेशन संभव नहीं है।
सीएमएस डॉ. दिलीप ने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधा दी जा रही है। सीआर्म मशीन को ठीक कराने के लिए इंजीनियर बुलाया गया था, लेकिन वह कंडम कह रहा है। उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। मेडिकल कालेज में प्राचार्य डॉ. आरके शाही ने कहा कि मशीन की खरीद के लिए प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही मशीन की खरीद की जाएगी।
India TV Rajesh Maurya