दुद्धी सोनभद्र।कस्बा एवं आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती का पर्व धूमधाम और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यशालाओं, कार्यालयों व प्रतिष्ठानों में पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया।
सुबह से ही कस्बे के लोहार, कारीगर, मैकेनिक, व्यवसायी तथा श्रमिक वर्ग ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की चित्र स्थापित कर विद्वताचार्यों के मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं वाहन स्वामियों ने अपने वाहन,औज़ारों व मशीनों की भी पूजा की और उन्हें सजाया-संवारा।
नगर के प्रमुख राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ,सोनाचंल आईटीआई , गणेशदत्त औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान समेत व्यापारिक प्रतिष्ठानों सहित वाहन मरम्मत केंद्रों, वर्कशॉप व सरकारी कार्यालयों में भी जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से कार्यसिद्धि और समृद्धि की कामना की।
जयंती के मौके पर श्रमिक और कारीगर समुदाय में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समितियों द्वारा जगह-जगह प्रसाद वितरण किया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
पूजा समारोह के दौरान वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा को विश्व के प्रथम अभियंता और शिल्पी बताते हुए उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। शाम तक नगर में धार्मिक व सांस्कृतिक माहौल बना रहा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह