✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
नशीली दवाओं के विक्रय रोकने औषधि निरीक्षकों द्वारा की गई मेडिकल स्टोर्स की जांच
कटनी – नशे के रूप में दुरूपयोग होने वाली दवाइयों के क्रय-विक्रय को रोकने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश के औषधि नियंत्रक श्री दिनेश कुमार मौर्य के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन कटनी के उपसंचालक डॉ. राज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक किरण कुमार मगरे, मनीषा धुर्वे एवं प्रवीण कुमार पटेल द्वारा जिले के मेडिकल स्टोर्स की निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में औषधि निरीक्षकों के दल द्वारा विजयराघवगढ़ में मिश्रा मेडिसिन वर्ल्ड, न्यू श्री कृष्णा मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, इंडियन मेडिकल स्टोर्स, के जी एन मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, सचिन मेडिकोज एंड इंटरप्राइजेज की जांच की गई। इसके अलावा कन्हवारा स्थित सिद्धार्थ मेडिकल, जल्होंना मेडिकल स्टोर्स, सुहाने मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, मित्रा फार्मेसी दुकान बंद पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।जांच के दौरान इन मेडिकल स्टोर्स में नशे के रूप में दुरूपयोग होने वाली दवाइयों के क्रय-विक्रय रिकार्ड की जांच की गई एवं रिकॉर्ड दो दिवस में औषधि प्रशासन कार्यालय जिला कटनी में प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया जिसके पश्चात औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के नियमानुसार लाइसेंस निलंबन एवं निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी।