दुद्धी सोनभद्र।ससुराल आए युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला शव,परिजनों ने जताया हत्या की आशंकादुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत बघाडू गांव में शुक्रवार दोपहर अपने ससुराल आए 35 वर्षीय युवक शक्तिसिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बेल के पेड़ से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई । घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है, जबकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
मामले की जानकारी के अनुसार, मृतक शक्तिसिंह पुत्र स्व. रामदेव निवासी पीपरडीह कुछ दिनों से अपनी पत्नी के मायके बघाडू गांव में रह रहा था।आज शुक्रवार रक्षाबंधन त्योहार को वह बिना बताए घर से बाहर गया। करीब दोपहर में घर से लगभग 10 मीटर की दूरी पर एक बेल के पेड़ से नायलॉन रस्सी के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया ।ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान ने अमवार चौकी को तत्काल सूचना दी। चौकी इंचार्ज फूलचंद निषाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को उतारने का प्रयास किया,लेकिन परिजन हत्या की आशंका जताते हुए शव फंदे से उतारने का विरोध करते रहे। देर शाम फोरेंसिक टीम भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अमवार चौकी इंचार्ज फूलचंद निषाद ने बताया कि परिजनों ने तहरीर दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटनास्थल से लिए गए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।