मिशन शक्ति के तहत सरसावा पुलिस की कार्रवाई
छात्रा से छेड़खानी करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
सहारनपुर । थाना सरसावा क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में छात्रा से छेड़छाड़ और धमकी देने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई।
जानकारी के मुताबिक रात में थाना सरसावा पुलिस नकुड़ रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया। रुकने का इशारा करने पर युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।
पुलिस ने उसका पीछा किया। थोड़ी दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। लेकिन आरोपी ने हार नहीं मानी और दोबारा पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम त्यागी निवासी ग्राम सरसोहेड़ी थाना सरसावा के रूप में हुई। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस रिकॉर्ड से पता चला कि आरोपी छात्रा और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने तथा वीडियो वायरल करने के मुकदमे में वांछित था। इसके अलावा शराब तस्करी और धमकी देने सहित उस पर कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़