दुद्धी सोनभद्र।कस्बे में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में नई पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार की शाम बस अड्डा तिराहे पर महिला सहायता केंद्र “पिंक बूथ” का शुभारंभ किया। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बनाए गए इस बूथ का उद्देश्य महिलाओं को चौबीसों घंटे त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें अपनी शिकायतें निर्भीक होकर दर्ज कराने का अवसर देना है।
शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने भवन का जीर्णोद्धार कर रिबन काटा और शिलापट्ट का अनावरण किया। कार्यक्रम में तहसील क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन समेत अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष ने पारंपरिक अंगवस्त्र और चित्र भेंटकर पुलिस अधीक्षक का सम्मान किया। महिला थाना प्रभारी संतु सरोज एवं इनर व्हील क्लब की टीम ने भी उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया।
अपने उद्बोधन में एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि दुद्धी क्षेत्र प्रकृति की गोद में बसा हुआ है। यहां लोग शुद्ध हवा और पानी का लाभ ले रहे हैं जबकि महानगर प्रदूषण से ग्रस्त हैं।
उन्होंने ने कहा कि पिंक बूथ पर हमेशा महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगी ताकि महिलाएं बिना झिझक अपनी परेशानी दर्ज करा सकें। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने की सलाह दी और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान रखें। उन्होंने विमेन हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, सीएम हेल्पलाइन 1076 और 112 जैसी सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मिशन शक्ति केंद्रों पर काउंसलिंग, प्राथमिक उपचार और कानूनी मदद एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएगी।
एसपी ने कहा जब महिलाएं सुरक्षित होंगी, तभी समाज सही दिशा में प्रगति कर सकेगा। इसी क्रम में उन्होंने छात्राओं को अराजकतत्वों की सूचना तुरंत देने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का त्वरित समाधान होगा।
सोनांचल इंटर कॉलेज की छात्रा शिवानी ने मंच से दुद्धी में महिला अखाड़ा केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि किशोरियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिल सके। एसपी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने की बात कही। वहीं जीजीआईसी की प्रधानाचार्य डॉ. रितिका ने कहा कि इस पहल से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और शिक्षा में उनका मनोबल और सशक्त होगा।
समारोह के अंत में एसपी ने संस्कृत श्लोक “नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” का पाठ कर नारी सम्मान के महत्व पर बल दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने इसे दुद्धी की महिलाओं के लिए गर्व का क्षण बताया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक ने पिंक बूथ के शुभारंभ को महिला सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उनके अनुसार यह केंद्र न केवल महिलाओं को त्वरित पुलिस सहायता देगा बल्कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में समाज को नई सोच भी प्रदान करेगा। कार्यक्रम उपरांत उन्होंने संकटमोचन व माँ काली मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और उपस्थित नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया।