कैमोर वार्ड क्रमांक 06 का आंगनबाड़ी केंद्र बना खतरे की घंटी
कैमोर। नगर के हृदय स्थल खल्वारा बाज़ार, वार्ड क्रमांक 06 महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की हालत जर्जर हो चुकी है। भवन की खराब स्थिति के कारण यहां आने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आंगनबाड़ी में नवजात शिशुओं के लिए खेलने, भोजन कराने और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों जैसे टीकाकरण शिविर आदि का आयोजन किया जाता है, लेकिन जिस जर्जर भवन में केंद्र संचालित हो रहा है, वह किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकता है।
माता-पिता का कहना है कि वे अब अपने बच्चों को आंगनबाड़ी भेजने से डर रहे हैं। कई बार नगर परिषद और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लोगों ने मांग की है कि बच्चों की जान जोखिम में डालकर आंगनबाड़ी केंद्र चलाना बंद किया जाए और जल्द से जल्द सुरक्षित भवन उपलब्ध कराया जाए।सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग कब जागेगा और मासूम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट