पुलिस मुठभेड़ में 25 हज़ार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
सहारनपुर । थाना फतेहपुर पुलिस की अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में 25 हज़ार का इनामी बदमाश गिरफ्तार हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार चेकिंग और गश्त कर रही थी।
इसी दौरान थाना फतेहपुर पुलिस टीम छुटमलपुर हाईवे कट पर चेकिंग कर रही थी। तभी छुटमलपुर फ्लाईओवर के नीचे से पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन संदिग्ध बाइक सवार नहीं रुके और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया और कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक फिसल कर गिर गई। इसके बाद भी बदमाश पुलिस पर जानलेवा फायरिंग करने लगे।
मजबूर होकर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान नदीम पुत्र फय्याज उर्फ छोटा निवासी गंदेवड़ा थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। नदीम 25 हज़ार का इनामी और हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पल्सर 220 मोटरसाइकिल और 2000 रुपये नकद बरामद किए गए।
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नदीम का साथी मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, नदीम पर गौकशी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से ज्यादा संगीन मुकदमे सहारनपुर और उत्तराखंड के थानों में दर्ज हैं। गिरफ्तार नदीम पर थाना फतेहपुर में दर्ज मु.अ.सं. 226/25 में भी कार्रवाई की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़