जोधपुर में पत्रकार को धमकी देने वाला और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने वाला गिरफ्तार
पुलिस आयुक्त जोधपुर के निर्देश पर पुलिस ने पत्रकार पाबूराम सरगरा को जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पत्रकार पाबूराम सरगरा ने 02.10.2025 को पुलिस थाना बासनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 01.10.2025 की रात को उन्हें मेवाड़ा वाइन्स के ठेकेदार के नाम से अलग-अलग नंबरों से फोन आए। फोन करने वाले ने सरस्वती नगर स्थित दुकान से रात 8 बजे के बाद शराब बिकने के फोटो और वीडियो बनाने पर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। धमकी देने वाले ने कहा कि वे उन पर डम्पर चढ़ाकर कुचल देंगे और साथ ही जातिसूचक तथा अश्लील शब्दों से गाली-गलौज किया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, संदिग्ध मोबाइल नंबरों की डिटेल प्राप्त की। गहन अनुसंधान के बाद पुलिस थाना भगत की कोठी ने आरोपी राजेन्द्रसिंह भाटी (उम्र 38 साल, निवासी लूणी जंक्शन) को दस्तयाब किया। पूछताछ में आरोपी ने पत्रकार को धमकी देने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी राजेन्द्रसिंह भाटी को शनिवार 04.10.2025 को गिरफ्तार किया गया। उसे माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है और उससे विस्तृत पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम, विनीत कुमार बंसल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, रोशन मीणा के सुपरविजन में हुई।
इंडियन टी वी न्युज रिपोर्टर भरत गेहलोत कोसेलाव पाली राजस्थान