नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग में रहस्यमय मौत से सनसनी! अर्धनिर्मित मकान के पास मिला कई दिन पुराना अज्ञात शव!
हजारीबाग: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओकनी मंडप रोड के पास एक अर्धनिर्मित मकान के पीछे से अज्ञात शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह रहस्यमय मौत स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप का कारण बन गई है।
स्थानीय निवासियों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बताया जा रहा है कि शव कई दिनों पुराना है, जिसके चलते उसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी। दुर्गंध आने पर ही लोगों को इसकी जानकारी मिली और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है और यह स्पष्ट नहीं है कि मौत किन कारणों से हुई है।
पुलिस अब शव की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। यह घटना हत्या है या स्वाभाविक मृत्यु, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच में जुट गई है।