नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
झारखंड-बिहार का कुख्यात गैंगस्टर दानिश इकबाल हजारीबाग में गिरफ्तार
लोहसिंघना पुलिस ने उदय साव हत्याकांड के मुख्य आरोपी को दबोचा; रंगदारी और हत्या के कई मामलों का खुलासा
हजारीबाग: झारखंड पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, झारखंड के हजारीबाग और चतरा, तथा बिहार के गया और औरंगाबाद जिलों में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोह के सरगना मो. दानिश इकबाल (उम्र करीब 23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। दानिश इकबाल दिसंबर 2024 में हुए बहुचर्चित उदय साव हत्याकांड का मुख्य आरोपी है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को 05/06 अक्टूबर 2025 की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या, लूट, फिरौती, अपहरण और गोलीकांड जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त दानिश इकबाल, जो उत्तम यादव, शक्ति गिरी उर्फ साईको टाईगर, फोटो खान जैसे अपराधियों के साथ मिलकर गिरोह चलाता है, वह नगवा टोल प्लाजा के आसपास आने वाला है।
इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी लोहसिंघना को त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया गया। देर रात लगभग 2:00 बजे लोहसिंघना थाना प्रभारी और सशस्त्र बल ने थाना क्षेत्र के नगवा हवाई अड्डा के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस को करीब आता देख वह व्यक्ति भागने का प्रयास किया, जिसे सशस्त्र बल ने घेराबंदी कर धर
दबोचा।
पूछताछ में उगले कई राज
गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मो. दानिश इकबाल, पिता स्व. मो. इकबाल हैदर, ग्राम रमना मोहल्ला, थाना शेरघाटी, जिला गया (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड (जिस पर मो. सदाब नाम लिखा था), 4 मोबाइल, 11 सिम कार्ड, एक राउटर और उसके अपने नाम के 3 आधार/पैन/ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सामान जब्त किए गए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दानिश इकबाल ने स्वीकार किया कि वह उत्तम यादव, शक्ति गिरी और फोटो खान के गैंग का सरगना है। उसने बताया कि उसके गिरोह में झारखंड और बिहार के 15-20 लड़के संगठित होकर अपराध करते हैं। उनका मुख्य काम व्यापारियों, कारोबारियों और कंपनियों से रंगदारी के रूप में मोटी रकम वसूलना है।
अपराधों का लंबा रिकॉर्ड
दानिश इकबाल ने अपने गिरोह द्वारा किए गए कई जघन्य अपराधों का खुलासा किया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
उदय साव हत्याकांड: दिसंबर 2024 में हजारीबाग में उदय साव को गोली मारकर हत्या करना। (लोहसिंघना थाना कांड सं0-216/24)
अनवर अली हत्याकांड: पूर्व में बिहार राज्य के गया जिले के आमस में अनवर अली की हत्या।
भारत माला प्रोजेक्ट पर हमला: गुरुआ थाना क्षेत्र में भारत माला प्रोजेक्ट के कैंप में मजदूरों के साथ मारपीट, रेकी एवं गोली-बारी की घटना।
डॉ. तपेश्वर प्रसाद पर हमला: इसी वर्ष 04 जनवरी 2025 को डॉ. तपेश्वर प्रसाद को जान से मारने की नीयत से उनके क्लीनिक पर बम फेंककर जानलेवा हमला करना।
दानिश इकबाल के खिलाफ हजारीबाग के लोहसिंघना थाना सहित बिहार के आमस और शेरघाटी थाना में हत्या, रंगदारी, मारपीट और विस्फोटक अधिनियम के तहत कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।