दुद्धी सोनभद्र। तहसील समाधान दिवस पर अधिवक्ता कुलभूषण पांडेय पुत्र स्वर्गीय शिवधारी पांडेय निवासी मल्देवा, थाना व तहसील दुद्धी ने एक प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी को सौंप कर ग्राम धनौरा निवासी कुंजबिहारी सिंह पुत्र जवाहिर सिंह पर भूमि विक्रय के बहाने छलपूर्वक राशि हड़पने व धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रार्थी ने प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि कुंजबिहारी सिंह ने ग्राम डुमरडीहा स्थित अपनी हिस्सेदारी की भूमि (गाटा संख्या 1617 मि व 1566 कमि) विक्रय करने का प्रस्ताव दिनांक 14 अगस्त 2025 को आठ लाख पचहत्तर हजार रुपये में रखा था। प्रस्ताव स्वीकार करते हुए प्रार्थी ने एक लाख रुपये का एडवांस चेक उसी दिन दिया और शेष सात लाख पचहत्तर हजार रुपये का चेक संख्या 338513 दिनांक 29 सितंबर 2025 को सौंपा।
प्रार्थी का आरोप है कि 30 सितंबर को जब भूमि का बैनामा दस्तावेज तैयार होकर रजिस्ट्री के लिए प्रस्तुत किया जाने वाला था, तभी विक्रेता कुंजबिहारी सिंह बाथरूम जाने का बहाना बनाकर चुपके से फरार हो गया और मोबाइल बंद कर दिया। बाद में फोन ऑन कर उसने धमकी दी कि “अब मैं चेक भी ले चुका हूँ और जमीन का बैनामा नहीं करूंगा, यदि शिकायत की तो जान से मारने की धमकी दी है ।प्रार्थी ने मांग की है कि तैयार किए गए बैनामा दस्तावेज का नियमानुसार बलात पंजीकरण कराया जाए, ताकि विक्रेता उक्त भूमि को किसी अन्य व्यक्ति के नाम न बेच पाए। साथ ही आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी व धमकी के प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाए।
अधिवक्ता कुलभूषण पांडेय ने यह भी आग्रह किया है कि यदि उपरोक्त भूमि के संबंध में कोई अन्य बैनामा दस्तावेज रजिस्ट्री कार्यालय में प्रस्तुत किया जाए तो उसे विवादास्पद मानकर पंजीकरण न किया जाए।