थाना मण्डी पुलिस की फुर्तीली कार्रवाई, अपहृत बालक सकुशल बरामद, आरोपी दबोचा
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत मण्डी पुलिस की शानदार उपलब्धि
सहारनपुर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला व बाल सुरक्षा की दिशा में थाना मण्डी पुलिस ने बेहतरीन तत्परता दिखाते हुए मात्र कुछ ही घंटों में अपहृत छह वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही से परिजनों ने राहत की सांस ली और मिशन शक्ति अभियान को नई पहचान मिली।
मामला थाना मण्डी क्षेत्र के विश्वास नगर, पुराना कलसिया रोड का है, जहाँ 6 अक्टूबर को इसराना पत्नी आशिक का छह वर्षीय पुत्र अरहम अचानक घर के बाहर से लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रोज़न्त त्यागी के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित की गई।
पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम प्रिया यादव के पर्यवेक्षण में गठित इस टीम में निरीक्षक मुमताज खान, उपनिरीक्षक अमित प्रसाद, उपनिरीक्षक रविन्द्र नागर, महिला उपनिरीक्षक प्रीति, हेड कांस्टेबल राहुल त्यागी, कमल कौशिक, सुनील राणा एवं महिला हेड कांस्टेबल अर्चना शामिल रहे।
विवेचना के दौरान आरोपी मुर्सलीन पुत्र शमीम निवासी शाहबुद्दीनपुर रोड, डबल टंकी के पास, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर का नाम सामने आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आशीष तिवारी द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बच्चे की तलाश के निर्देश दिए गए थे।
टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 अक्टूबर को टपरी रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर आरोपी मुर्सलीन को धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से अपहृत बच्चे अरहम को सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले किया।
थाना मण्डी पुलिस की यह फुर्ती और समर्पण मिशन शक्ति के उद्देश्यों को चरितार्थ करता है। इस साहसिक कार्य के बाद पुलिस टीम की सराहना पूरे जिले में की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़