राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने किया यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 स्वदेशी मेले का शुभारंभ
स्थानीय उत्पादों की सराहना, स्टालों का अवलोकन कर की खरीदारी
बोले, हमारे स्वदेशी उत्पाद दुनिया के सर्वश्रेष्ठ उत्पादों में से एक
सहारनपुर। राज्यमंत्री (संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास) जसवंत सैनी ने शुक्रवार को कम्पनी बाग परिसर में आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 स्वदेशी मेला का फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टालों का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पादों की प्रशंसा की और खरीददारी कर कारीगरों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक नगर राजीव गुम्बर, विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, जिलाधिकारी मनीष बंसल, पूर्व विधायक नरेश सैनी, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी राजपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र सैनी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत धोबी कार्य से जुड़े 25 लाभार्थियों में से 07 लाभार्थियों को मंच से टूल किट (वाशिंग मशीन, प्रैस, ब्रश, टेबल आदि) वितरित की गईं।
राज्यमंत्री ने कहा कि हमें स्वदेशी उत्पादों का उपयोग बढ़ाना चाहिए क्योंकि यही आत्मनिर्भर भारत का आधार हैं। उन्होंने कहा हमारे स्वदेशी उत्पाद दुनिया के सर्वश्रेष्ठ उत्पादों में से एक हैं। जब हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएंगे, तो देश आत्मनिर्भरता से स्वावलंबन की दिशा में अग्रसर होगा और ‘विकसित भारत’ का सपना साकार होगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि जैसे स्वतंत्रता संग्राम में बाल गंगाधर तिलक और महात्मा गांधी जी के स्वदेशी अभियान ने आजादी को गति दी थी, उसी प्रकार आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वोकल फॉर लोकल से लेकर लोकल टू ग्लोबल की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों की जनता को मेले में आने, खरीदारी करने और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित करें।
स्वदेशी मेले का मुख्य उद्देश्य है, हस्तशिल्पियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों द्वारा निर्मित वस्तुओं के विपणन को प्रोत्साहन देना तथा दीपावली पर्व के अवसर पर आमजन को स्वदेशी उत्पादों की खरीद का अवसर प्रदान करना।
मेले में ओडीओपी (ODOP) के अंतर्गत सहारनपुर के काष्ठ कला व हौजरी उद्योग से संबंधित आकर्षक उत्पादों के साथ 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त खादी ग्रामोद्योग, हथकरघा, माटीकला, रेशम, ग्रामीण आजीविका मिशन, डूडा, यूपीनेडा, स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य विभागों के उत्पाद भी विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले को ग्रेटर नोएडा ट्रेड शो 2025 की सफलता के बाद जिला स्तर पर आयोजित किया गया है।
राज्यमंत्री ने कहा कि, यह मेला केवल एक आयोजन नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक जनआंदोलन है। हर नागरिक को इस दीपावली पर एक स्वदेशी उत्पाद अवश्य खरीदना चाहिए ताकि हमारे कारीगरों और उद्यमियों को आर्थिक सशक्तिकरण मिल सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़