उरई(जालौन):
दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने हेतु खाद्य विभाग का सख्त अभियान:
खोया-दूध-मिठाई के सैंपल भरकर भारी मात्रा में किया नष्ट:
आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुये व शासन द्वारा प्राप्त आदेशों के क्रम में जनपद की तहसीलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्यवाही कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थ खोया, मिश्रित दूध के नमूने संग्रहित किये। 270 किलोग्राम खोया व लगभग 200 लीटर मिश्रित दूध, 80 किलोग्राम मिठाई को नष्ट कराया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ, उ०प्र० एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार व सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ० जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद जालौन की टीम लगातार सक्रिय है। दीपावली त्योहार पर लोगों को सुरक्षित आहार उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा कस्बा एट में राजमार्ग पर स्थित जय बजरंग दूध डेयरी प्रो० सूबेदार सिंह के प्रतिष्ठान से संदेह के आधार पर खाद्य पदार्थ मिश्रित दूध, खोया का नमूना संग्रहित करते हुए 100 किलोग्राम खोया व 200 लीटर मिश्रित दूध को नष्ट किया गया। साथ ही धगुवाॅ रोड एट पर स्थित हनुमंत पाल के प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ खोया का नमूना संगृहीत करते हुए 50 किलोग्राम खोया नष्ट किया गया। माधौगढ़ तहसील के गोपालपुरा से सुनील के प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ खोया का नमूना लिया व 50 किलोग्राम खोया को नष्ट कराया गया, धर्मेंद्र के प्रतिष्ठान से खोया का नमूना व 50 किलोग्राम खोया नष्ट कराया गया। राठ रोड उरई स्थित सतीश चंद्र के प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ सोहन पापड़ी का नमूना संगृहीत किया गया। साथ ही माधौगढ़ तहसील के मिझौना ग्राम के भगवत स्वरूप के प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ खोया, क्रीम, मिठाई के नमूने संगृहीत करते हुए 20 किलोग्राम खोया, 80 किलोग्राम मिठाई को नष्ट कराया।विभाग द्वारा अभी तक 14 खाद्य पदार्थों के नमूनों को संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। विभागीय टीम द्वारा यह अभियान लगातार जारी है और त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण चलता रहेगा। इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार तथा अनिल कुमार उपस्थित रहें। अधिकारियों ने बताया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश