वोट चोरी का आरोप: हजारीबाग नगर कांग्रेस कमेटी ने खीरगांव में चलाया ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ अभियान
हजारीबाग संवाददाता। केंद्र सरकार पर वोट चोरी कर चुनाव जीतने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए हजारीबाग नगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को वार्ड नंबर 31, खीरगांव में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ और हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान से पूर्व, खीरगांव चौक के निकट रॉयल बैंकट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष परवेज अहमद ने की, जबकि इसका संचालन जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अफरोज आलम ने किया। इस सभा में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वोट चोरी करके चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है, और इस प्रक्रिया में चुनाव आयोग भी काफी हद तक भाजपा की मदद कर रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा, “जिस तरह महाराष्ट्र में वोटों की संख्या अचानक बढ़ जाती है और कांग्रेस हार जाती है, और हरियाणा में भी षड्यंत्र के तहत कांग्रेस को हराया जाता है, यह सब मिलीभगत से हो रहा है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएं और हस्ताक्षर अभियान को जोर-शोर से चलाएं।
इस मुद्दे पर नगर अध्यक्ष परवेज अहमद ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार अब वोट चोरी नहीं कर सकती है, क्योंकि देश के लोग अब सब कुछ समझ चुके हैं।
सभा में कांग्रेस के जिला महासचिव ओम प्रकाश गोप, बाबर अंसारी, वरिष्ठ नेता विनोद सिंह, शशि मोहन सिंह, मकसूद आलम, लाल बिहारी सिंह, दिलीप रवि, केडी सिंह, वीरेंद्र सिंह, दिगंबर मेहता, रब्बानी अंसारी, छोटू मिस्त्री, पंचम पासवान, कमरुद्दीन अंसारी, कैफी अंसारी, मोजिब अंसारी, राजा अंसारी, उस्मान सूफी, विजय सिंह, मोहम्मद उस्मान, शाहबाज वेल्डर, मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद इरफान, शहीद राजा, सलीम राजा, प्यारे भाई, हीरो जमाल, मुस्तकीम अंसारी, अल्ताफ अंसारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि वे इस ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ अभियान को पूरे जिले में फैलाएंगे ताकि लोकतंत्र की शुचिता बनी रहे।