वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन ने लगाया रक्तदान शिविर; थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को मिली मदद
हजारीबाग संवाददाता। वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार, 12 अक्टूबर को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्य रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और रक्त की कमी से जूझ रहे अन्य व्यक्तियों की सहायता के उद्देश्य से लगाया गया था।
शिविर का उद्घाटन एसोसिएशन के अध्यक्ष और ‘ब्लड मैन’ के नाम से मशहूर निर्मल जैन ने किया। रक्तदान की शुरुआत नियमित रक्तदाताओं पुतुलुरी रामाकृष्ण रेड्डी ने अपनी 45वीं बार और कुमारी श्रुति पांडे ने 20वीं बार रक्तदान करके की।
इस अवसर पर कुल 22 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। इनमें राजेश, अचल, मिथुन, विनोद, सुशांत, रोहित, रिंकू, जयदीप, शंकर, प्रिंस, ऋषभ राज, सुभाष, स्वीटी कुमारी, शाहिद अंसारी, कुलदीप, सुमित, विजय, शंभू और करण जैसे उत्साही लोग शामिल थे। सेंट कोलंबस कॉलेज के एन.एस.एस. के 6 स्वयंसेवकों ने भी अमित कुमार के नेतृत्व में रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन ने सभी रक्तदाताओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनके नेक कार्य के लिए साधुवाद दिया और उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जैन ने नियमित रक्तदाता कुमारी श्रुति पांडे की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रत्येक तीन माह में रक्तदान कर अनूठी मिसाल पेश कर रही हैं, जिस पर हमें गर्व है। उन्होंने प्रथम बार रक्तदान करने वाली स्वीटी कुमारी की भी प्रशंसा की और कहा कि महिलाओं ने रक्तदान के क्षेत्र में भी अपनी भागीदारी साबित कर दी है।
शिविर को सफल बनाने में एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन, कार्यालय सचिव संकेत जैन, एन.एस.एस. के अमित कुमार, तथा मेडिकल कॉलेज के टेक्नीशियन मुरली प्रजापति, आर् खैरी, शमशाद और निहाल राज का विशेष सहयोग रहा। इस सफल आयोजन से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और जरूरतमंद मरीजों को बहुमूल्य रक्त उपलब्ध हो सकेगा।