‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ अभियान की गति तेज करने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ता कमर कस लें: जय प्रकाश भाई पटेल
हजारीबाग संवाददाता। भाजपा द्वारा कथित रूप से संवैधानिक मूल्यों की हत्या कर और चुनाव आयोग के सहयोग से आम जनता के वोटों को काटने तथा फर्जी वोटों को जोड़ने के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ हस्ताक्षर अभियान के तहत आज जिला कांग्रेस कार्यालय, कृष्ण बल्लभ आश्रम में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं को इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी-अपनी कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान भाजपा की वोट चोरी की नियत के खिलाफ है और इसे गतिशील बनाना बेहद जरूरी है।
श्री पटेल ने वरिष्ठ कांग्रेसजनों, प्रखंड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, प्रकोष्ठ अध्यक्षों और सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे इस कार्य में पूरी शक्ति से लग जाएं। उन्होंने लक्ष्य रखा कि जिला कांग्रेस कमेटी, हजारीबाग द्वारा अधिक से अधिक हस्ताक्षर कराकर प्रदेश कार्यालय को समर्पित किया जाए ताकि हजारीबाग जिला एक नंबर बन सके।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि वे सोमवार और शनिवार को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक कांग्रेस कार्यालय में जन समस्याओं का समाधान करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन दिलीप रवि ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन माशूक अंसारी ने किया।
जिला मीडिया अध्यक्ष निसार खान ने बताया कि इस बैठक में प्रदेश सचिव अवधेश कुमार सिंह, शशि मोहन सिंह, पूर्व अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार यादव, दिगम्बर मेहता, रेणू कुमारी, बीरेन्द्र कुमार सिंह, लाल बिहरी सिंह, राजू चौरसिया, सुनिल कुमार ओझा, अनिल कुमार उपाध्याय, अजय गुप्ता, अर्जुन सिंह, सुनिल सिंह राठौर, शारदा रंजन दुबे, कैलाश पति देव, राजीव मेहता, लखराज सिंह, सरयू यादव, मकसूद आलम, कृष्णदेव प्रसाद सिंह, सलीम रजा, राजू यादव, अफरोज आलम, तारिक रजा, नगर अध्यक्ष परवेज अहमद, विभिन्न प्रखंड अध्यक्षों और प्रकोष्ठ अध्यक्षों सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।