दहेज हत्या: उन्नाव में पति, सास-ससुर ने हथौड़े से सिर कूचकर बहू को मार डाला; पति फरार, दो गिरफ्तार

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के लालताखेड़ा गांव में एक विवाहिता सीमा (28) की उसके पति, सास और ससुर ने कथित तौर पर हथौड़े से सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी सास और ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्यारोपी पति राजेश फरार है।
मासूम बच्चों ने खोला राज
पुलिस के अनुसार, मृतका के दो मासूम बच्चों (5 और 4 वर्ष) ने ही इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए कहा कि उनके पिता ने ही उनकी मां को मारा है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना हुआ हथौड़ा बरामद कर लिया है।
दहेज प्रताड़ना और शराब का आदी था पति
असीवन के अजमतनगर निवासी मृतका के पिता रामकुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सीमा की शादी 2018 में राजेश के साथ की थी। शादी के समय पूरा दहेज दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग तभी से अतिरिक्त पैसों की मांग को लेकर सीमा को प्रताड़ित कर रहे थे। रामकुमार का आरोप है कि उनका दामाद राजेश रोज शराब पीकर घर आता था और सीमा से मारपीट करता था।
रात भर चला झगड़ा, सुबह हुई हत्या
मृतका के पिता के मुताबिक, मंगलवार की रात भी ससुराल पक्ष के लोगों ने सीमा से झगड़ा किया। बुधवार सुबह विवाद फिर से शुरू हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने सीमा के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गई। आरोपी उसे अस्पताल ले जाने की बजाय मौके से भाग निकले।
इनके खिलाफ मामला दर्ज
रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने पति राजेश, सास-ससुर (कमलेश और कमलेश की पत्नी), दो देवर (गोविंद और बबलू) और ननद उर्मिला के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस कार्रवाई
गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार पति राजेश की तलाश में जुट गई है।
जिला संवाददाता संतोष कुमार की रिपोर्ट