सहारनपुर से ब्रेकिंग न्यूज़
सहारनपुर जनपद के सरसावा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंचकूला–रुड़की नेशनल हाईवे-344 पर शाहजहांपुर नकुड़ तिराहे के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक सुभाष चंद, निवासी गांव अहमदपुर, यमुनानगर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार शाहजहांपुर तिराहे के पास पहुंची, अचानक बोनट से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार साइड में लगाई और कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही सेकंड में कार धू-धू कर जलने लगी, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, हालांकि संभावना जताई जा रही है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही शाहजहांपुर चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर गाड़ियों की तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों को और सख्ती से लागू किया जाए ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़